हरदोई। पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम निपनिया में 24 अक्टूबर की रात किशोर की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में वांछित बीस हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि 24 अक्टूबर की रात निपनिया निवासी अनुराग यादव (16) पुत्र परशुराम यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के चाचा संतराम ने अनिरुद्ध सिंह यादव और उसके पुत्रों अखिलेश उर्फ राम लखन और विमलेश, बबलू उर्फ जयनिश पुत्र ठाकुर सिंह यादव, अनूप उर्फ मुन्नू व अजीत पुत्र प्रताप सिंह के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इनमें से अखिलेश, जयनिश और अनूप को 26 अक्टूबर की सुबह ही गिरफ्तार कर लिया गया था। विमलेश सिंह पर बीस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसपी ने बताया कि शाहपुर सैदान तिराहे के पास से शनिवार सुबह चार बजे विमलेश को गिरफ्तार किया गया है। उसे जेल भेज दिया गया है। ब्यूरो