हरदोई। जिले में बिजली उपभोक्ताओं को बिजली का कनेक्शन लेना आसान नहीं है।
पहले विभागीय कर्मचारियों की मनमानी से उपभोक्ता परेशान होते हैं, उसके बाद मीटर न मिलने से कनेक्शन अटक जाते हैं। मीटर न होने से 2,900 से अधिक उपभोक्ता नए कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं। भीषण गर्मी में पैसा जमा होने के बाद भी कनेक्शन न मिलने से उपभोक्ता परेशान हैं।
बिजली विभाग की ओर से ऑनलाइन झटपट पोर्टल से कनेक्शन देने की व्यवस्था की गई है। एक सप्ताह का समय निर्धारित किया गया है। वहीं, विभाग की ओर से कनेक्शन के लिए समय सीमा भी निर्धारित कर दी गई है। मगर इसके बावजूद जिले में बिजली उपभोक्ताओं को कनेक्शन लेने में महीनों लग जाते हैं। सर्वे के नाम पर विभाग के चक्कर काटने पड़ते हैं। उपभोक्ता जब सर्वे करने वाले कर्मचारी को संतुष्ट करता है तो फिर कनेक्शन जारी होने की प्रक्रिया शुरू होती है।
विभागीय नियमानुसार बिना मीटर के बिजली लाइन शुरू नहीं की जा सकती है। जिले में विगत कई दिनों से सिंगल फेस मीटर उपलब्ध नहीं हैं। इससे शहर से लेकर गांव तक नए कनेक्शन जारी नहीं हो पा रहे हैं। विभागीय आंकड़ों की मानें तो करीब तीन हजार उपभोक्ताओं के पैसे जमा होने के बावजूद मीटर न होने के कारण उनके कनेक्शन जारी नहीं हो सके हैं। इसके अलावा सैकड़ों अवर अभियंता स्तर पर लंबित हैं। मीटर न होने के कारण पुराने मीटर भी नहीं बदले जा रहे हैं। इससे उन उपभोक्ताओं की भी बिजली बाधित हो रही है। सहायक अभियंता स्टोर अजय श्रीवास्तव ने बताया कि सिंगल फेस की आपूर्ति नहीं आ रही है। मीटर के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही समस्या का निदान हो जाएगा।
इनकों है कनेक्शन का इंतजार
वितरण खंड- लंबित कनेक्शन- आईडीएफ- मीटर बदलने के लंबित आवेदन
प्रथम -824 -72 -37
द्वितीय -835 -412 -128
शाहाबाद -658 -378 -37
संडीला -679 -25 - 26