हरदोई। बेसिक शिक्षा विभाग के अधीन संचालित विद्यालयों में तैनात रसोइयों के लिए राहत भरी खबर है। अक्तूबर तक का मानदेय रसोइयों के बैंक खातों में भेज दिया गया है। 9267 रसोइयों के खातों में लगभग 2.74 करोड़ रुपये भेजे गए हैं।
परिषदीय विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन बनाने के लिए रसोइयों की तैनाती है। कहीं पुरूष तो कहीं महिला रसोइयां हैं। प्रत्येक रसोइया को हर माह दो हजार रुपये का मानदेय दिए जाने का प्रावधान है। शासन स्तर से बजट मिलने पर रसोइयों के बैंक खातों में मानदेय भेजा जाता है। जनपद में 9267 रसोइयां तैनात हैं। अक्तूबर तक का मानदेय इन सभी के खातों में भेज दिया गया है।
इसके अलावा शासन से मानदेय के लिए 91 लाख रुपये का बजट और मिला है। इससे नवंबर के 15 दिनों का मानदेय भी रसोइयों को मिल सकेगा। रसोइयों के खाते में यह मानदेय भेजे जाने की प्रक्रिया चल रही है। जिला समन्वयक मयंक कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद उक्त बजट को रसोइयों के खातों में भेज दिया गया है। जो 91 लाख रुपये का बजट और मिला है उसे भी खातों में भेजा जा रहा है।
यूनीफार्म के लिए भेजे गए चार करोड़ रुपये
रसाेइयों के लिए यूनीफार्म भी तय है। महिला रसोइयों को भूरे रंग की साड़ी पहननी होती है। पुरूष रसोइयों के लिए भूरे रंग की पैंट और बादामी रंग की शर्ट यूनीफार्म के तौर पर तय है। एक यूनीफार्म के लिए शासन से पांच सौ रुपये दिए जाते हैं। कुल चार करोड़ रुपये सभी रसोइयों के बैंक खातों में यूनीफार्म के लिए भेजे गए हैं।
फल के लिए मार्च तक का बजट जारी
परिषदीय विद्यालयों में सप्ताह में एक दिन बच्चों को फल वितरित करने के निर्देश हैं। एक बच्चे पर चार रुपये खर्च करने का नियम है। औसत उपस्थिति 65 फीसदी रहती है। फल के लिए मध्यान्ह भोजन योजना के तहत 2.29 लाख रुपये स्कूलों के बैंक खातों में भेजे गए हैं। इसी तरह विद्यार्थियों को नाश्ते में गुड़, तिल और मूंगफली की चिक्की उपलब्ध कराने के निर्देश हैं। इसके लिए दिसंबर तक का भुगतान 29 लाख रुपये संबंधित विद्यालयों के खातों में भेजा गया है।