हरदोई। एक ही पिकअप में 20 मवेशी ठूंसकर भरना दो लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गया। सांडी थाने की पुलिस ने पिकअप चालक और पशु व्यापारी को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सांडी के लखपेड़ा बाग में शनिवार को पशु मेले का आयोजन होता है। बड़ी संख्या में पशु पालक और व्यापारी यहां मवेशियों को खरीदने और बेचने आते हैं। शनिवार दोपहर एक पिकअप में 20 मवेशियों को भूसे की तरह ठूंसकर भरा गया था। इसकी जानकारी मुखबिर से मिलने पर कस्बा चौकी प्रभारी शिवम सिंह ने सांडी चौराहे पर वाहनों की जांच का अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान आई एक पिकअप में पीछे की तरफ तिरपाल पड़ा हुआ था। तिरपाल हटवाकर देखा गया तो उसमें 20 मवेशी भरे हुए थे।
प्रभारी निरीक्षक वसंत राम का दावा है कि पिकअप में अधिकतम तीन मवेशी ही ले जाए जा सकते हैं। पिकअप चालक शाहजहांपुर के मदानपुर कटरा निवासी मुस्कीम और शाहाबाद के महमंद निवासी पशु व्यापारी शानू को गिरफ्तार किया गया है। तीनों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ है।