हरदोई। शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। बाबा मंदिर से सरकुलर रोड जाने वाले और मंगलीपुरवा-गोशाला मार्ग अब लगभग बनकर तैयार हो गए हैं। कई सालों से ये दोनोें प्रमुख मार्ग जर्जर थे और इनको बनवाने की मांग की जा रही थी। अब हजारों लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
शहर में बाबा मंदिर को सीधे सरकुलर रोड से जोड़ने वाली सड़क कच्ची थी। कुछ साल पहले यहां खड़ंजा लगवाया गया था, लेकिन आवागमन में लोगों को फिर भी परेशानी होती थी। सभासद व स्थानीय लोगों की मांग पर सदर विधायक नितिन अग्रवाल ने नगर पालिका परिषद से इसका निर्माण कराने को कहा। 570 मीटर लंबी सड़क के निर्माण पर 34 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यह मार्ग नगर पालिका के चार वार्ड ऊंचाथोक, कृष्णनगरिया, देविनपुरवा और लक्ष्मीपुरवा को आपस में जोड़ता है।
शहर में मंगलीपुरवा फाटक से गोशाला तक लगभग 500 मीटर लंबी सड़क की दशा पिछले कई साल से खराब थी। कई बार यहां के वाशिंदों ने विरोध प्रदर्शन भी किया। डीएम पुलकित खरे ने भी इस समस्या को गंभीरता से लेकर लोक निर्माण विभाग को निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए थे। 25 लाख रुपये की लागत से 500 मीटर लंबी सीसी रोड का निर्माण कराया गया है। इस मार्ग का निर्माण होने से सीतापुर मार्ग पर जाने वाले ग्रामीणों और शहरियों को भी राहत मिलेगी।
ऊंचाथोक निवासी विवेक शुक्ला बताते हैं कि इस मार्ग का निर्माण हो जाने से शहर के अंदर नहीं जाना पड़ेगा। सीधे सरकुलर रोड पहुंचकर बिलग्राम चुंगी, सांडी चुंगी, लखनऊ चुंगी और रेलवे स्टेशन तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा।
बाबा मंदिर निवासी गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क बनवाने की मांग काफी समय से चल रही थी, अब यह मार्ग बन रहा है तो कई लोगों को राहत मिलेगी। शहर के अंदर लगने वाले जाम से भी नहीं जूझना पड़ेगा।
मंगलीपुरवा निवासी लाल बहादुर कहते हैं कि पिछले कई साल से यहां पैदल निकलना भी मुश्किल था। बरसात में यहां तालाब जैसी स्थिति बन जाती थी, लेकिन अब सड़क का निर्माण होने से काफी राहत मिल गई है।
मंगलीपुरवा निवासी मोहम्मद इलियास बताते हैं कि इस सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल था। बरसात के अलावा भी सामान्य दिनों में यहां जलभराव रहता था। अब सड़क को ऊंचा कर बनाया गया है तो समस्या से निजात मिलेगी।