मल्लावां। क्षेत्र पंचायत की बैठक में दो करोड़ रुपये के विकास कार्यों की योजना को अनुमोदित किया गया। इस दौरान विधायक आशीष सिंह आशू ने कहा कि बैठक हर माह की जानी चाहिए, ताकि विकास कार्यों को रफ्तार मिले और निगरानी भी होती रहे।
सोमवार को मल्लावां ब्लाक सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते विधायक आशीष सिंह आशू ने कहा कि पंचायत के सभी प्रतिनिधि अपने क्षेत्र के लोगों को शौचालयों का इस्तेमाल करने को प्रेरित करें। विकास कार्यों को रफ्तार देने के लिए बैठकों के साथ ही कार्यों की निगरानी भी आवश्यक है। बैठक के दौरान ग्राम्य विकास अभिकरण के अवर अभियंता दिनेश चंद्र तिवारी ने बताया कि विधायक निधि से एक करोड़ 32 लाख रुपये से पांच जगहों पर क्षेत्र में कार्य हो रहा है। क्षेत्र पंचायत सदस्य दिलीप कुमार ने शिकायत करते हुए कहा कि उनके गांव बरहुआ में एक हैंडपंप एक वर्ष से खराब पड़ा है, लेकिन शिकायत के बाद भी इसेे दुरुस्त नहीं कराया गया। इस पर खंड विकास अधिकारी मयंक द्विवेदी ने संबंधित ग्राम सचिव को हैंडपंप की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। बीडीओ ने बैठक के दौरान बताया कि दो करोड़ रुपये के विकास कार्यों की योजना को स्वीकृत किया गया है। उन्होंने मनरेगा, आवासीय योजनाओं, पेंशन योजनाओं आदि की जानकारी दी। बैठक में ब्लाक प्रमुख राजपति, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि पूर्व विधायक ब्रजेश वर्मा आदि मौजूद रहे।