हरदोई। पाली थाने में तैनात दो होमगार्डों को निलंबित करने का निर्देश एसपी ने कमांडेंट होमगार्ड्स को दिया है। दोनों होमगार्डों पर बैंक उपभोक्ताओं से अभद्रता का आरोप है।
सवायजपुर निवासी राम नरेश त्रिपाठी और अखिलेश वाजपेयी पाली थाने में होमगार्ड हैं। 18 नवंबर को कुछ लोगों ने एसपी अनुराग वत्स को मोबाइल पर सूचना दी थी कि पाली में एक बैंक के बाहर दोनों होमगार्ड जरूरी कार्यों से बैंक आए लोगों के साथ अभद्रता कर रहे हैं। इस पर एसपी ने पाली थानाध्यक्ष विनोद गोस्वामी को मौके पर भेजा तो शिकायत सही मिली।
थानाध्यक्ष की आख्या पर एसपी अनुराग वत्स ने दोनों होमगार्डों को निलंबित करने के निर्देश कमांडेंट होमगार्ड को दिए हैं। होमगार्ड कमांडेंट राघवेंद्र शुक्ला ने बताया कि दोनों को निलंबित किया जा रहा है।