बिलग्राम। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कटरी परसोला के पास मंगलवार को नहाते वक्त गंगा नदी में डूबे दो दोस्तों के शव 24 घंटे बाद बुधवार को गोताखोरों ने घटनास्थल से लगभग पांच किलोमीटर दूर नदी से बरामद कर लिए। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मंगलवार सुबह ग्राम परसोला निवासी अंकित (22) पुत्र नन्हे सिंह गांव के ही साथी अभय (17) पुत्र दिलीप सिंह समेत कुछ अन्य दोस्तों के साथ पड़ोस के गांव कटरी परसोला के पास से गुजरी गंगा नदी में नहा रहा था।
नहाते वक्त गहरे पानी में जाने पर अंकित व अभय दोनों डूब गए थे। दोनों के नदी में डूबने की खबर मिलने के बाद परिजन व पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मंगलवार को पूरे दिन गोताखोरों व नाव की मदद से दोनों की तलाश कराई गई। कई जगह जाल भी डलवाए गए, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। बुधवार सुबह फिर से पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कराई। सुबह लगभग नौ बजे मेहंदीघाट से कुछ दूर गोताखोरों ने नदी से अभय का शव व लगभग डेढ़ बजे मेहंदीघाट से तीन किलोमीटर दूर अंकित का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।