हरदोई। पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहाबाद-पाली मार्ग पर सवारियों से भरे आटो में ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में आटो सवार दो लोगों की मौत हो गई।
बुधवार को शाहाबाद से सवारियां भरकर आटो पाली जा रहा था। पाली थाना क्षेत्र में शाहाबाद पाली मार्ग पर ग्राम परेली के निकट पाली की ओर से आ रहे ट्रैक्टर ने आटो में टक्कर मार दी। हादसे में अवनीश (30) पुत्र अजय पाल निवासी ग्राम बिंबियारी और पाली कस्बे के मोहल्ला आबिदनगर निवासी असलम (47) पुत्र रज्जाक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय असलम की मौत संडीला में ही हो गई, जबकि अवनीश ने ट्रामा सेंटर के गेट पर दम तोड़ दिया। असलम शाहजहांपुर में सिलाई करता था। उसकी बहन शाहजहां शाहाबाद में रहती है। उसके परिवार में पत्नी रुकसाना और दो पुत्र व एक पुत्री है। वहीं अवनीश फर्रुखाबाद में अस्पताल में भर्ती ताई को देखने जा रहा था।