हरदोई। पैन नंबर और टिन नंबर के मिलान के बाद एक पैन नंबर पर कई-कई फर्मों का संचालन करना व्यापारियों को महंगा पड़ेगा। वाणिज्य कर विभाग की ओर से 2,243 व्यापारियों को टिन नंबर ब्लॉक करने की नोटिस जारी की गई है। इसके बाद यह व्यापारी लीगल व्यापार नहीं कर पाएंगे।
वाणिज्य कर विभाग की ओर से जीएसटी के तहत व्यापारियों की फर्मों के रजिस्ट्रेशन कराने को लेकर प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। वाणिज्य कर विभाग में जिले भर में 10,200 व्यापारी रजिस्टर्ड है।
पैन नंबर और टिन नंबर मैच होने पर 7,157 व्यापारियों को उनकी फर्मों के प्रोवीजन आईडी विभाग की ओर से भेजी गई थी। डिप्टी कमिश्नर खंड दो प्रद्युम्न कुमार गुप्ता ने बताया कि व्यापारियों की फर्मों के पैन और टिन नंबरों का पता मिलान न होने पर इसमें सुधार कराने के लिए नोटिस भेजी गई थी।
उन्होंने बताया कि व्यापारियों की ओर से कोई जवाब न दिए जाने पर 800 टिन नंबर ब्लॉक किए जा चुके हैं। इसके अलावा 2,243 व्यापारियों की फर्मों के टिन नंबर ब्लॉक करने के लिए नोटिस भेजी गई है।
वाणिज्य कर विभाग की ओर से जीएसटी पोर्टल पर व्यापारियों के कराए जा रहे रजिस्ट्रेशन की संख्या में मंगलवार कोई वृद्धि नहीं हुई। विभागीय अधिकारियों की माने तो अब तक 75 फीसदी व्यापारियों ने ही रजिस्ट्रेशन कराया है। तारीख बढ़ेगी या नहीं इसके बारे में अभी कुछ भी कहना मुश्किल है।