हरदोई। लोकतंत्र के उत्सव को मनाने के लिए आज (रविवार) पहली बार कार्मिक पानी पीकर बिस्कुट खाते हुए मतदान कराने के लिए रवाना होंगे। सीएसएन पीजी कॉलेज और आईटीआई से पोलिंग पार्टियों की रवानगी होंगी।
2,124 मतदान केंद्रों के 3,328 बूथों पर 13,312 कार्मिक मतदान कराएंगे। रिजर्व कार्मिक सहित 14,660 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। कार्मिकों को मोबाइल पर एसएमएस से ड्यूटी वाले बूथ की जानकारी, कार्मिकों को दूसरे ड्यूटी आदेश में विधानसभा क्षेत्र का आवंटन किया जा चुका है और इसी के अनुसार बुलाया गया है।
लोकसभा चुनाव के लिए 13 मई को मतदान कराने के लिए 12 मई को पोलिंग पार्टियों को संबंधित बूथ के लिए रवाना किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पहली बार रवानगी के समय पोलिंग पार्टियों के लिए सील बंद पानी की बोतल और बिस्कुट की व्यवस्था की है। पोलिंग पार्टियों के बसों से रवाना होने के समय इसका वितरण कराया जाएगा।
ताकि गर्मी को देखते हुए कार्मिकों को दिक्कतें न होने पाएं। लोकसभा क्षेत्र हरदोई के लिए सीएसएन पीजी कॉलेज से कार्मिकों को रवाना किया जाएगा। लोकसभा क्षेत्र हरदोई के लिए पांच विधानसभा क्षेत्र सवायजपुर, शाहाबाद, हरदोई, गोपामऊ और सांडी की पोलिंग पार्टी को सीएसएन पीजी कॉलेज बुलाया गया है। लोकसभा क्षेत्र मिश्रिख क्षेत्र के लिए जिले के तीन विधानसभा क्षेत्र बिलग्राम-मल्लावां, बालामऊ और संडीला के लिए पोटिंग पार्टियों को आईटीआई से रवाना किए जाने की व्यवस्था की गई है।
सीएसएन पीजी कॉलेज और आईटीआई में बनाए गए पोलिंग पार्टियों के रवानगी स्थल पर व्यवस्थाओं का शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी सिंह ने अधिकारियों के साथ जायजा लिया। कार्मिकों को ड्यूटी आदेश वितरण से लेकर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन, पेपर सील व जरुरी स्टेशनरी वितरण के काउंटर को देखा।
बताया कि दोनों ही रवानगी स्थल पर कार्मिकों को ड्यूटी आदेश वितरण काउंटर के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में नौ-नौ मेज लगवाई जा रही हैं। आठ मेज पर ड्यूटी आदेश का वितरण होगा। एक मेज प्रभारी के लिए रहेगी। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के वितरण के लिए भी पर्याप्त जगह लेते हुए काउंटर बनाए गए हैं। ताकि कार्मिकों को दिक्कतें न होने पाए। सीडीओ सौम्या गुरूरानी, डीडीओ आरपी सिंह, पीडी गजेंद्र तिवारी सहित अधिकारी साथ रहे। इसके बाद अधिकारियों ने मंडी समिति परिसर में व्यवस्थाओं को देखा।
लोकसभा चुनाव में लगाए गए मतदान कार्मिकों के तीसरे रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया शनिवार को एनआईसी में प्रेक्षकों की मौजूदगी में पूरी हुई। प्रेक्षक एम सुंदरेश बाबू और टीवाई दत्ता की देखरेख में हुए रेंडमाइजेशन के संबंध जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि मतदान कार्मिकों और माइक्रो ऑब्जर्वर को बूथ का आवंटन हो गया है। ड्यूटी आदेश का वितरण रवानगी स्थल पर होगा। एनआईसी के जिला सूचना और विज्ञान अधिकारी अमित मिश्रा ने तकनीकी प्रक्रिया पूरी की। सीडीओ सौम्या गुरूरानी, एडीएम प्रियंका सिंह, लाइजन आफीसर प्रवीण कुमार, जिला सूचनाधिकारी संतोष कुमार मौजूद रहे।