- 75 निगम के वाहन और 50 अनुबंधित बसों को भेजा जाएगा
- हरदोई डिपो से 10 बसें हो जाएंगी कम
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। महाकुंभ के लिए हरदोई परिक्षेत्र से 410 बसों का आवंटन होने के बाद एक बार फिर से 125 बसों को भेजा जा रहा है। कुंभ के लिए बसे जाने से अब परिक्षेत्र में बसों की कमी है। रोडवेज बस स्टेशन पर यात्री घंटों तक इंतजार करते देखे जाते हैं। एक बार फिर से बसों को भेजे जाने से परिक्षेत्र में बसों की कमी का संकट आ सकता है। यात्रियों को बसों की समस्या को लेकर दोचार होना पड़ेगा।
प्रयागराज में चल रहे कुंभ में श्रद्धालुओं को मेला परिसर तक लाने व ले जाने के लिए रोडवेज निगम ने शटल सेवाएं संचालित की हैं। 24 घंटे शटल सेवाएं चल रहीं है लेकिन श्रद्धालुओं की भीड़ की वजह से बसों की आवश्यकता पड़ रही है। इस कारण से एक बार फिर प्रयागराज भेजने के लिए बसों की मांग की गई।
हरदोई परिक्षेत्र के अंतर्गत 125 अतिरिक्त बसें भेजी जाएंगी। इनमें 75 निगम की बसें और 50 अनुबंधित बसें शामिल हैं। हरदोई डिपो से निगम की 10 बसें, सीतापुर से 20 निगम और 20 अनुबंधित बसें, गोला डिपो की 15 निगम बसें, शाहजहांपुर की 20 निगम बसें, कन्नौज की 33 निगम बसें और लखीमपुर की 30 अनुबंधित बसों को कुंभ भेजा जाएगा।
बसों की कमी पहले से है अब और बसें जाने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। सेवा प्रबंधक रमेश कुमार ने बताया कि मांग के अनुरूप बसों को तैयार कर दिया गया है जिस दिन भेजने के निर्देश आएंगे उन्हें भेज दिया जाएगा।