बिलग्राम। कोतवाली क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर मार्ग पर सोमवार देर शाम दुर्गागंज के निकट मैजिक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार छात्र की मौके पर मौत हो गई। उसका साला गंभीर रूप से घायल हो गया।
सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम पिंडारी निवासी प्रमोद (22) पुत्र राजेंद्र पांच भाइयों में छोटा था। वह बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था। उसके भाई विनोद के साढू दुर्गागंज में हैं। सोमवार को साढू की बेटी की बरात आई थी। प्रमोद बरात में शामिल होने बाइक से जा रहा था। साथ में उसके भाई का साला राहुल (18) पुत्र विष्णुलाल निवासी बघौली भी था। रास्ते में बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर मार्ग पर दुर्गागंज के निकट मैजिक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। बाइक चलाते समय प्रमोद हेलमेट नहीं लगाए था। सिर के बल सड़क पर गिरने से उसकी मौत हो गई। वहीं राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेज दिया। परिजनों के आने पर मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।