हरदोई। पंचायत की मतदाता सूची में सत्यापन में 1,04,154 मतदाता डुप्लीकेट श्रेणी में चिह्नित हुए हैं। इन मतदाताओं के नाम सूची से हटवा दिए गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की तरफ से मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान में 27,87,897 मतदाताओं में 5,24,837 मतदाता डुप्लीकेट श्रेणी में चिह्नित कर सत्यापन के लिए दिए गए थे। जिले में सत्यापन का काम पूरा करा लिया गया है।
पंचायत चुनाव की तैयारियों के क्रम में मतदाता सूची भी दुरुस्त कराई जा रही है। राज्य निर्वाचन आयोग की तरफ से जिले की मतदाता सूची में करीब 5,24,837 मतदाता डुप्लीकेट श्रेणी में चिह्नित कर भेज गए थे। उन मतदाताओं का बीएलओ के माध्यम से सत्यापन कराया गया। सत्यापन में 1,04,154 मतदाता डुप्लीकेट निकले हैं। ऐसे मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। वहीं 4,51,347 मतदाताओं के नाम सही मिले। उन मतदाताओं के नाम सूची में बने रहेंगे।
बताया कि डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन में सुरसा में 15,920, टड़ियावां में 13,919, बावन में 11,639, अहिरोरी में 5,718, कछौना में 1,841, कोथावां में 2,870, टोडरपुर में 5,646, पिहानी में 3,148, बेहंदर में 5,789, बिलग्राम में 1,851,भरावन में 9,986, मल्लावां में 1,804, माधौगंज में 1,449, शाहाबाद में 4,847, संडीला में 3,183, सांडी में 1,376, हरपालपुर में 3,896 और हरियावां में 7,933 मतदाता डुप्लीकेट श्रेणी में मिले हैं। जिनके नाम संबंधित ग्राम पंचायत की सूची से हटाए गए हैं।
-
पंचायत मतदाता सूची में राज्य निर्वाचन आयोग की तरफ से भेजे गए डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन अभियान चलाकर करा लिया गया है। काम पूरा होने पर डुप्लीकेट श्रेणी में निकल कर आए मतदाताओं के नाम सूची से हटवा दिए गए हैं। जबकि सही श्रेणी में मिले मतदाताओं के नाम सूची में शामिल रहेंगे। -प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी