हरदोई। रेलवे स्टेशन पर टिकट वितरण की व्यवस्था धड़ाम होती जा रही है। मंगलवार रात सामान्य श्रेणी के टिकट वितरण के लिए बने तीन काउंटर में से एक का ही संचालन हुआ। इस कारण यहां लंबी लाइन लगी रही। कई यात्रियों की ट्रेन भी टिकट न मिल पाने के कारण छूट गई। 24 घंटे में औसतन साढ़े छह हजार लोग अनारक्षित श्रेणी का टिकट लेते हैं।
अमृत भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशन परिसर में निर्माण कार्य चल रहा है। टिकट वितरण के लिए पर्याप्त काउंटर बने हुए हैं। यहां अनारक्षित श्रेणी के टिकटों का वितरण करने के लिए तीन काउंटर हैं। आमतौर पर तीनों काउंटर संचालित होते हैं, लेकिन मंंगलवार रात सिर्फ एक ही काउंटर से टिकट वितरण हो रहा था। इसी काउंटर पर निशक्त, बुजुर्ग और महिलाओं को भी टिकट लेने थे। टिकट लेने के चक्कर में यात्रियों की आपस में भी कई बार झड़प हुई। सीएमआई अंबुज मिश्रा ने बताया कि इस बारे में कोई शिकायत नहीं मिली है। फिर भी पूरी जानकारी की जाएगी। तीनों काउंटर संचालित करना सुनिश्चित कराया जाएगा।
ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन भी रात में हो जाती बंद
रेलवे स्टेशन पर दो ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन भी लगी हुई हैं। इनका संचालन प्राइवेट वेंडर करते हैं। रात में प्राइवेट वेंडर के कर्मचारी चले जाते हैं। यहां रात में टिकट वेंडिंग मशीन बंद हो जाती है। इस कारण भी टिकट काउंटर पर भीड़ बढ़ती है और यात्रियों को परेशानी होती है।