जिला महिला अस्पताल में कोरोना का टीका लगवातीं सविता सिंह।
- फोटो : HARDOI
हरदोई। जिले में कोरोना संक्रमण बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को दो संक्रमितों की मौत के बाद शुक्रवार को एक और संक्रमित की मौत की बात सामने आई है। तीसरी लहर में यह तीसरी मौत है। वहीं 110 नए संक्रमित मिले हैं। इसके साथ एक्टिव केस 447 हो गए हैं। इसके बाद भी लोग लापरवाही बरत रहे हैं।
एक जनवरी को पहला कोरोना संक्रमित मिला था। इसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को शहर के बख्तावरपुरवा निवासी संक्रमित की मौत की बात स्वास्थ्य विभाग ने कही है। वह 2018 से लकवाग्रस्त था। 13 दिसंबर को उसे लखनऊ के अस्पताल में ब्रेन सर्जरी के लिए भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के बाद डिस्चार्ज होकर घर आया था। आठ जनवरी को तबीयत बिगड़ने पर परिजन फिर उसे अस्पताल ले गए थे। जहां कोविड की जांच हुई थी।
कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने उसे घर भेज दिया था। नौ जनवरी को उसकी घर पर मौत हो गई थी लेकिन स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में छह दिन बाद मौत दर्ज हुई है। वहीं शुक्रवार को 110 और संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया। इसमें हरियावां ब्लॉक के 14 लोग शामिल हैं। हरपालपुर के तीन, सांडी, भरखनी, माधौगंज, मल्लावां के मरीज भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के मुताबिक तीसरी लहर मेें संक्रमितों की संख्या में ज्यादा इजाफा हो रहा है। सीएमओ डॉ. ओपी तिवारी ने बताया कि तीसरी लहर से घबराएं नहीं, एहतियात के साथ कोरोना से खुद बचें और दूसरों को भी बचाएं।
तारीख एंटीजन जांच आरटीपीसीआर ट्रूनेट
7 जनवरी 1930 2228 9
8 जनवरी 2010 2224 8
9 जनवरी 1605 1684 0
10 जनवरी 2131 2311 6
11 जनवरी 2178 2311 9
12 जनवरी 2388 2559 7
13 जनवरी 2346 2642 8
11 लोगों ने दी कोरोना को मात
सीएमओ डॉ. ओपी तिवारी ने बताया कि होम क्वारंटीन 11 संक्रमितों ने 5वें दिन कोरोना से जंग जीत ली है।