हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत नए हाईवे पर सोमवार देर शाम अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार युवकों को टक्कर मार दी। जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। पुलिस वाहन की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार सतपाल सिंह (30) पुत्र प्रताप सिंह निवासी बेतालडूंगा मल्ल थाना धोमकोट जिला पौढ़ी गढ़वाल (उत्तराखंड) अपने दोस्त सोहन सिंह के साथ मुरादाबाद से दिल्ली स्कूटी से जा रहे थे। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के नए बाईपास पर कुचेसर रोड चौपला के पास स्कूटी में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सतपाल सिंह को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जबकि सोहन सिंह को मामूली चोटें आई हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुनीता सिंह ने बताया कि किसी वाहन की टक्कर से हादसा हुआ है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है।