हापुड़ कोतवाली पुलिस ने पटाखों के साथ पकड़ा आरोपी। संवाद
हापुड़। नगर कोतवाली पुलिस ने रामपुर रोड स्थित ओम बिल्डिंग मैटेरियल के पास एक युवक को लाखों रुपये की कीमत के 19 कार्टून भरे अवैध पटाखों के साथ गिरफ्तार कर लिया। युवक दिवाली पर्व पर बेचने के उद्देश्य से पटाखों को कहीं छिपाने के लिए जा रहा था।
सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ शनिवार की रात गश्त करते हुए पुरानी चुंगी बुलंदशहर रोड पर पहुंचे थे। इसी बीच पुलिस टीम को रामपुर रोड स्थित ओम बिल्डिंग मैटेरियल के पास अवैध पटाखों के साथ युवक के खड़े होने की सूचना दी। पुलिस टीम ने युवक को घेरकर दबोच लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान मोहसिन निवासी मोहल्ला नवीकरीम हापुड़ के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से अवैध पटाखों के 19 कार्टून भी बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दिवाली पर्व पर इन पटाखों को बेचने का प्रयास था। सीओ ने बताया कि उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार की तहरीर पर मोहसिन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।