हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर के खादर में लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा में पहली बार सांस्कृतिक धरोहर के रूप में स्वदेशी अश्व प्रदर्शनी का आयोजन होगा। इसके लिए घोड़ों के पंजीकरण की प्रक्रिया 17 नवंबर को सुबह 11.30 बजे से शुरू होगी। प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए घोड़ों का स्वास्थ्य प्रमाणपत्र अनिवार्य कर दिया गया है। अश्व प्रदर्शनी के लिए पंजीकरण स्थल गढ़मुक्तेश्वर स्थित पशु बाजार सेक्टर क्षेत्र को निर्धारित किया गया है। 17 से 19 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह दस से शाम पांच बजे तक पंजीकरण का समय रहेगा। प्रदर्शनी में शामिल होने के इच्छुक अश्व पालक 20 नवंबर को सुबह 10 बजे तक पंजीकरण करा सकेंगे। प्रदर्शनी में भाग लेने वाले घोड़ों का स्वस्थ होना अनिवार्य है। इसके लिए अश्व पालकों को अपने क्षेत्र के पशु चिकित्सा अधिकारी से संपर्क कर घोड़ों का स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनवाना होगा। प्रमाण पत्र में एंटी रेबीज और टिटनेस के टीकाकरण के साथ ही डिवॉर्मिंग (पेट के कीड़ों की दवा) की तारीख भी दर्ज होगी। मामले में सीवीओ डॉ. ओपी मिश्रा का कहना है कि पालक अपने घोड़ों का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर प्रदर्शनी में प्रतिभाग कर सकते हैं। पंजीकरण संबंधी जानकारी के लिए संयुक्त निदेशक डॉ. ओमवीर सिंह, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल चौधरी और डॉ. विनीत शर्मा से संपर्क किया जा सकता है। संवाद