गढ़मुक्तेश्वर। ऑनलाइन गेम खिलाने का झांसा देकर एक युवक का मोबाइल फोन हैक कर उसके बैंक खाते से आठ हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और रुपये वापस दिलाने की मांग की है।
गढ़ नगर के मोहल्ला राजीव नगर निवासी टिंकू वर्मा ने बताया कि उनके पास ऑनलाइन गेम खिलाने के नाम पर संपर्क किया गया था। गेम खेलने की प्रक्रिया बताने के बहाने उनसे मोबाइल फोन पर कुछ गतिविधियां कराई गईं। आरोप है कि इसी दौरान उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया गया। इसके बाद उनके बैंक खाते से आठ हजार रुपये निकाल लिए गए। खाते से रुपये निकलने की जानकारी मिलने पर उनके होश उड़ गए। उन्होंने संबंधित बैंक से भी मामले की जानकारी जुटाने का प्रयास किया। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने मामले की जांच कर रुपये निकालने वाले व्यक्ति की पहचान करने और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
सीओ राहुल यादव का कहना है कि साइबर एक्सपर्ट टीम द्वारा जांच कर कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।