फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हापुड़ में दिल्ली जैसा हादसा: निर्माणाधीन सड़क के गड्ढे में गिरी बाइक, युवक की मौत; सिस्टम की चूक ने ली जान!

Mon, 01 Jun 2026 09:20 AM IST
Vijay Singh Pundir अमर उजाला नेटवर्क, हापुड़

सार

हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के अचपलगढ़ी के पास निर्माणाधीन पिलखुवा-फगौता मार्ग पर गहरे गड्ढे में बाइक गिरने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
निर्माणाधीन सड़क के गड्ढे में गिरी बाइक, युवक की मौत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी दिल्ली जैसी ही एक घटना में हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के अचपलगढ़ी के पास निर्माणाधीन पिलखुवा-फगौता मार्ग पर एक गहरे गड्ढे में बाइक गिरने से 42 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क निर्माण के दौरान बरती जा रही घोर लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों की कमी को उजागर किया है।

विज्ञापन

मृतक विजय, अचपलगढ़ी के निवासी थे, जो पिलखुवा-फगौता मार्ग से गुजर रहे थे। आरोप है कि सिद्धिविनायक हॉस्पिटल के निकट सड़क निर्माण के कार्य के दौरान खोदे गए इस गहरे गड्ढे के आसपास न तो पर्याप्त सुरक्षा बैरिकेडिंग की गई थी और न ही किसी प्रकार के चेतावनी संकेत लगाए गए थे। इसी लापरवाही का परिणाम यह हुआ कि विजय अपनी बाइक सहित सीधे गड्ढे में जा गिरे।

हादसे में गंभीर रूप से घायल विजय को तत्काल सिद्धिविनायक हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस उन्हें रामा हॉस्पिटल ले गई, जहां भी उनकी मौत की पुष्टि की गई। इस घटना ने मृतक के परिवार में मातम का माहौल पैदा कर दिया है। विजय अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं।

स्थानीय लोगों में निर्माण एजेंसी के प्रति गहरा रोष है। उन्होंने इस मामले में निर्माण एजेंसी की लापरवाही की गहन जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

यह घटना दिल्ली के जनकपुरी इलाके में हुई एक ऐसी ही घटना की याद दिलाती है, जहां जल बोर्ड द्वारा खोदे गए एक गहरे गड्ढे में गिरकर 25 वर्षीय बैंक कर्मी कमल ध्यानी की जान चली गई थी। उस हादसे का कारण भी पर्याप्त रोशनी और चेतावनी बोर्ड की अनुपस्थिति को बताया गया था। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें