बैंक कालोनी निवासी एक व्यक्ति ने हैसियत प्रमाणपत्र बनाने के नाम पर हापुड़ तहसील में तैनात लेखपाल और कानूनगो पर शोषण प हजारों रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। एक साल से उसका प्रमाणपत्र नहीं बन पाया।
पूछने पर पीड़ित से अभद्रता की जा रही है। अब पीड़ित ने डीएम से कार्रवाई की मांग की है। बैंक कालोनी निवासी सुमित ने बताया कि उसने हैसियत प्रमाणपत्र बनवाने के लिए तहसील में आवेदन किया था।
उसका आरोप है कि एक साल से लेखपाल और कानूनगो लगातार परेशान कर रहे हैं। यहां तक की प्रमाणपत्र बनाने के लिए मूल्यांकन रेटलिस्ट को भी काफी कम दर्शाया गया है। प्रमाणपत्र बनाने के नाम पर पांच हजार रुपये प्रति लाख के हिसाब से सुविधा शुल्क मांगा जा रहा है।
विरोध करने पर पीड़ित के साथ अभद्रता की गई। उसकी फाइल भी जमीन पर फेंक दी गई। इससे परेशान पीड़ित ने डीएम से शिकायत की है। पीड़ित ने बताया कि मामले की शिकायत किए जाने पर लेखपाल उनके खिलाफ एफआईआर कराने की बात कह रहा है।
एसडीएम सदर अजय श्रीवास्तव का कहना है कि यह मामला मेरी जानकारी में नहीं है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।