धौलाना। औद्योगिक क्षेत्र यूपीएसआईडीसी के फेज-वन में संचालित एनवायरनमेंट वेस्ट एलएलपी कंपनी में छह दिन पूर्व लगी भीषण आग में झुलसे मजदूरों में से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मजदूर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
धौलाना क्षेत्र के गांव सिवाया निवासी अमित कुमार पुत्र रणसिंह अपने नौ भाइयों में पांचवें नंबर के थे और तीन बच्चों के पिता थे। वह औद्योगिक क्षेत्र के फेज-वन में संचालित एनवायरनमेंट वेस्ट एलएलपी कंपनी में मजदूरी करते थे। 14 दिसंबर की दोपहर अज्ञात कारणों से कंपनी परिसर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए। इस दौरान अमित गंभीर रूप से झुलस गए। साथ ही जनपद सीतापुर निवासी मजदूर गौतम और कंपनी का गार्ड रियाज भी आग की चपेट में आकर घायल हो गए थे। अमित की हालत बेहद नाजुक थी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
कंपनी प्रबंधक विजय गुप्ता के अनुसार घायल मजदूर का लगातार उपचार कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। ग्राम प्रधान सिवाया अमित जाटव ने बताया कि युवक की मौत की सूचना जैसे ही गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी बबीता और उसके तीनों बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है।