बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के हाईवे 9 स्थित गांव उपैड़ा फ्लाईओवर के पास बृहस्पतिवार की देर रात घने कोहरे में तीन वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे में दो लोग घायल हो गए, जबकि दो कारें क्षतिग्रस्त हो गई। हाईवे पर यातायात बाधित होने से जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
गांव उपैड़ा फ्लाईओवर के पास बृहस्पतिवार की रात करीब डेढ़ बजे घने कोहरे के कारण दो कार और पिकअप आपस में भिड़ गए। तीनों वाहन गाजियाबाद से मुरादाबाद की तरफ जा रहे थे। हादसे में गाजियाबाद निवासी सतेंद्र और प्रमोद मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात बाधित होने के कारण यहां जाम लग गया। राहगीरों ने हादसे की सूचना थाना बाबूगढ़ पुलिस को दी। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। हाईवे पर जाम लगने से वाहनों में सवार लोगों को देर रात में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि घने कोहरे के कारण तीनों वाहन आपस में भिड़े थे। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया था। हादसे के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।