गढ़ चुंगी की महिलाओं ने बृहस्पतिवार को क्षेत्र में खुले एक शराब के ठेके को बंद कराने की मांग को लेकर कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने डीएम के नाम का संबोधित ज्ञापन एडीएम रजनीश राव को सौंपकर शराब के ठेके को बंद कराने की मांग की।
समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि गढ़ चुंगी क्षेत्र में करीब चार अस्पताल, स्कूल और मंदिर हैं। घनी आबादी के बीच यहां एक शराब का ठेका चल रहा है।
ठेके पर शराब पीने वाले लोग अक्सर महिलाओं पर छीटाकसी करते रहते हैं। इससे स्कूल, मंदिर जाने वाली महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि शराब के नशे में धुत होकर कुछ लोग रोजाना गाली गलौच करते हैं।
इससे बच्चों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। यदि जल्द उक्त ठेके को बंद नहीं कराया गया तो युवा वर्ग को भी शराब की लत लग जाएगी।
इस दौरान सविता, अनारकली, राजकुमारी, पिंकी, रजनी, कुसुम, हेमलता, आशा, रतन, रवींद्र, रवि, सोनू, रामचंद्र, रवि कुमार, राजेंद्र, रमेश, वेद प्रकाश आदि मौजूद रहे।