हापुड़। वैशाली कॉलोनी में प्रीपेड मीटर हटाने की मांग को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों का घेराव कर नोकझोंक की। महिलाओं ने आवास विकास की सड़क पर पहुंचकर जाम लगा दिया। अफसरों के मनाने पर महिलाएं नहीं मानीं और मीटर हटवाने की मांग पर अड़ी रहीं। पुलिस और अधिकारियों के आश्वासन पर मामला शांत हुआ।
जिले में डिजिटल मीटरों को हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, करीब 25 हजार मीटर प्रीपेड में कंवर्ट हो चुके हैं। वैशाली कॉलोनी की महिलाओं ने नौ अप्रैल को अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचकर इन मीटरों को हटाने की मांग उठाई थी। सोमवार तक का अल्टीमेटम दिया था। सोमवार को बड़ी संख्या में महिलाएं अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। अधीक्षण अभियंता सुभाष चंद समस्या सुनने महिलाओं के बीच पहुंचे, इस दौरान उनसे महिलाओं ने नोकझोंक की।
इतना ही नहीं एसई कार्यालय के बाहर आवास विकास की सड़क पर जाम भी लगा दिया। महिलाओं ने कहा कि मेहनत मजदूरी कर घर चला रहे हैं, ऐसे में एडवांस बिल कैसे जमा करें। हंगामा बढ़ने पर कोतवाली प्रभारी विनोद पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। महिलाओं को अधिकारियों ने समझाया कि मीटरों को हटाने का अधिकार उनके पास नहीं है। आपकी समस्या ऊपर भेज दी जाएगी, समस्या के निस्तारण का भी आश्वासन दिया गया। इस पर महिलाएं वापस लौटीं। इस दौरान अनीता, रमा, गीता, सरजीत, रेखा, सीमा, बबीता, मोनी, मंजू, कमलेश, मधु, सुरेश, कीर्ति शर्मा, कमला, रेखा, रूपम, रंजना, सुमन, नामकौर आदि मौजूद रहीं।
आवास विकास कालोनी में स्मार्ट मीटर को लेकर सड़क पर जाम लगाती महिलाएं। संवाद