पिलखुवा में अधिशासी अभियंता से वार्ता करते मोहल्ला गढ़ी के लोग।संवाद
पिलखुवा। सोमवार को मोहल्ला गढ़ी में बिना सहमति स्मार्ट बिजली मीटर लगाने की कार्रवाई को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ऊर्जा निगम की इस कार्यशैली के विरोध में बड़ी संख्या में लोगों ने अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि पुराने स्थाई मीटर हटाकर नए मीटर लगा दिए गए, जिससे घरों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई है।
लोगों का आरोप हैं कि बिना किसी सूचना के मीटर बदलने से कई घरों में सप्लाई अनियमित हो गई है और बार-बार बिजली कटौती की समस्या बढ़ गई है। इससे घरेलू कामकाज और दैनिक जीवन पर असर पड़ रहा है। इसी के विरोध में लोगों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल अधिशासी अभियंता मनीष कुमार यादव से मिला और पूरे मामले की शिकायत की। शिकायतकर्ता अलका देवी ने बताया कि बिना सहमति मीटर बदलना गलत है और इससे लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने पुराने मीटर बहाल करने और कार्रवाई रोकने की मांग रखी।
अधिशासी अभियंता मनीष कुमार यादव ने बताया कि शिकायत उनके संज्ञान में आई है और मामले की जांच कराई जा रही है। जहां भी अनियमितता पाई जाएगी, वहां आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और लोगों की समस्या का समाधान कराया जाएगा। हंगामा करने वालों में पुष्पा देवी, मोहनलाल, सुंदरपाल, रामवीर, सुनीता, अनुराधा, मंजू रानी, प्रीति, धनवंती, भानुश्री, सीता, गीता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।