बुखार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बृहस्पतिवार देर रात बुखार से एक और महिला की मौत हो गई। इसके साथ ही महज चार दिन में बुखार से मरने वालों की संख्या सात हो गई। क्षेत्र में दर्जनभर से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं। बावजूद इसके स्वास्थ्य विभाग के अफसर चैन की नींद सो रहे हैं।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव शेरपुर में रहने वाले बंटी की 24 वर्षीय पत्नी पायल को करीब एक हफ्ते से बुखार था। बृहस्पतिवार रात उसकी तबियत बिगड़ गई। परिवार के लोग उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, इसी बीच उसकी मौत हो गई।
पायल एक दुधमुंहे बच्चे की मां थी। बंटी ने बताया कि शुरू में गांव के ही एक निजी चिकित्सक से उसका इलाज कराया जा रहा था। दवा से आराम न होने पर डेहरा कुटी के एक निजी चिकित्सक से पायल को दिखाया गया। बृहस्पतिवार देर रात अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई।
पायल की मौत के साथ ही बीते चार दिनों में बुखार से मरने वालों का आंकड़ा सात हो गया। इससे पहले ब्रजघाट गंगानगरी के गांव बागड़पुर निवासी चंद्रपाल सिंह की 16 वर्षीय बेटी रूपल, गढ़ खादर के बाढ़ प्रभावित गांव छोटी गड़ावली में कल्लो, मुकंदा, नरपत, लीला और लोंगश्री की मौत हो चुकी है।
अस्पताल में इलाज न होने के कारण इस विषय में कोई भी जानकारी नहीं मिल पाई है। अब विभागीय स्तर से टीम भेजकर विवाहिता को दी गई दवा और उसकी मेडिकल जांच के आधार पर मौत की वजह का पता लगवाया जाएगा। डॉ. रविंद्र कुमार, सीएचसी अधीक्षक