कस्बे की सड़कों का कायाकल्प कर उनको चौड़ा और गड्ढ़ामुक्त कराया जाएगा। इनकी शुरूआत दो सड़कों से की गई है। पहले चरण में प्राचीन गंगा मंदिर रोड और मैन बाजार की सड़कें बनाई जाएंगी। एचपीडीए ने अवस्थापना निधि से सड़कों का निर्माण कराने की मंजूरी प्रदान कर दी है।
प्रदेश के मनोरंजन कर मंत्री मदन चौहान ने बुधवार को गढ़ के सुभाष चौक पर पंडित रमाशंकर तिवारी और भूपेंद्र शर्मा द्वारा किए गए वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच मैन बाजार, तारगली, प्राचीन गंगा मंदिर और पालिका कार्यालय वाली सड़कों की आधारशिला रखी।
मंत्री ने बड़े ही तल्ख लहजे में चेतावनी दी कि सड़कों के निर्माण में निर्धारित मानक के अनुरूप ही सामग्री का इस्तेमाल किया जाए, अन्यथा कोई भी खामी सामने आने पर पेमेंट रुकवाकर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।
मंत्री ने दावा किया कि क्षेत्र के उपेक्षित गांवों में हरसंभव स्तर पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। जबकि समूचे विधानसभा क्षेत्र में विद्युुतीकरण का काम पूरा हो चुका है। एचपीडीए के जेई अनिल कछाड़िया ने बताया कि प्रस्तावित सड़क के निर्माण पर अवस्थापना निधि से 50 लाख की रकम खर्च होनी है।
पूर्व चेयरमैन कृष्णवीर गब्बर, चेयरमैन पति हरीश पुरुषोत्तम, फारूख खां, हाजी मुजम्मिल हयात, गफ्फार खां, रुपेश पंडित, डॉ.शमशाद, बदरुद्दीन दानिश, राजू पधान, भर्रो पंडित, मुन्ना कुरैशी, चौधरी मदनपाल सिंह, डॉ.हर्षवर्धन शर्मा, विजय शर्मा, मांगेराम चौहान, कामेश्वर पंडित समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।