हापुड़। कृषि विभाग के राजकीय बीज भंडारों पर गेहूं की बुवाई से पहले ही बीज का स्टॉक खत्म हो गया है। कार्तिक मेले के समापन के बाद अब किसान गेहूं तैयारी में जुटेंगे, लेकिन बीज के लिए उन्हें परेशान होना पड़़ेगा। बाजार में गेहूं का बीज 80 से 100 रुपये प्रति किलोग्राम तक मिल रहा है, जबकि सरकारी गोदामों में दाम करीब 20 रुपये किलो था।
जिले में बड़े पैमाने पर गेहूं की खेती होती है। अमूमन किसान गन्ने के खेत खाली कर गेहूं की बुवाई करते हैं। जिले में चीनी मिल अब शुरू हुए हैं। ऐसे में खेत खाली करने में समय भी लगेगा, लेकिन राजकीय बीज गोदामों पर बीज का स्टॉक खत्म हो गया है।
दरअसल, जिले में मिलावटी उर्वरक, बीजों का कारोबार कई बार पकड़ा गया है। ऐसे में किसानों को सरकारी गोदामों से मिलने वाले बीज, उर्वरकों पर भरोसा है। कृषि विभाग को दो हजार क्विंटल गेहूं का बीज आवंटित हुआ था। इसमें पीबीडब्ल्यू-303 और डीबीडब्ल्यू-187 शामिल था।
अधिकारियों की मानें तो राजकीय बीज भंडारों को आवंटित बीज का स्टॉक खत्म हो गया है। ऐसे में किसान अब भटकने को मजबूर हैं। बाजार में गेहूं के दाम 80 से 100 रुपये किलो तक भी मिल रहा है। इतना पैसा जाने के बाद भी अच्छी गुणवत्ता का बीज मिल जाए, यह बड़ा सवाल है।
कोट -
जिले को दो हजार क्विंटल गेहूं का बीज आवंटित हुआ था। किसानों को गोदामों से बीज का वितरण किया जा चुका है। अब गोदामों में बीज नहीं है, यदि शासन से स्टॉक आता है तो किसानों को सूचित किया जाएगा। - शशि शर्मा, बीज निरीक्षक।