हापुड़। जिले में पिछले एक सप्ताह से सुबह और शाम ही ठंड पड़ रही है। दिन में धूप निकलने के कारण सर्दी का असर कम हो गया है। मंगलवार को सुबह से ही चटक धूप निकलने से मौसम थोेड़ा गर्म रहा। हालांकि दिनभर तेज हवा चलती रही। मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को फिर से आकाश में बादल छाने और तापमान में गिरावट का अनुमान है।
मंगलवार को भी सुबह से ही मौसम साफ रहा और सूर्य देव के दर्शन हो गए। धूप निकलने के बाद लोग घरों की छतों और पार्कोंं में धूप का आनंद लेने पहुंचे।
शाम तक धूप खिली रही, ऐसे में बाजारों में चहल पहल बढ़ गई। हालांकि धूप के साथ ही दिनभर तेज हवा चलती रही, लेकिन चटक धूप के सामने हवा का ज्यादा असर लोगों पर नहीं दिखा। अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ.अशोक कुमार का कहना है कि बृहस्पतिवार से आकाश में बादल छाने का अनुमान है। इसके बाद फिर से ठंड लौटेगी और तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी। ऐसे में लोगों को अभी सर्दी का सितम सहने के लिए तैयार रहना चाहिए।