हापुड़ । बारिश के बाद बृहस्पतिवार को रेलवे के अंडरपास में जलभराव हो गया है। जिस कारण हजारों ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हुई। कई-कई फुट तक जलभराव होने के कारण ग्रामीणों ने अपने गंतव्यों को जाने के लिए दूसरे मार्गों का इस्तेमाल किया।
गांव नवादा, इमटौरी, सादिकपुर, महमूदपुर, चितौली सहित आठ गांवों को जाने के लिए रेलवे व एनएचएआई ने मिलकर अंडरपास बनाए हुए हैं, लेकिन इनमें जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था न होने के कारण बरसात के बाद जलभराव हो जाता है। बृहस्पतिवार की सुबह हुई बरसात के बाद अंडरपास में जलभराव हो गया। दोपहिया वाहन तो बड़ी मुश्किल से ही गुजर पा रहे थे। कई के वाहन बीच में बंद हो गए। इस कारण उन्हें अधिक परेशानी हुई। उनके कपड़े, जूते आदि भी भीग गए। पैदल जाने वाले ग्रामीणों को मजबूरी में खेतों के सहारे रेलवे लाइन के ऊपर से निकलना पड़ा। जबकि, कुछ ग्रामीणों ने लंबे मार्गों का सहारा लिया। इन गांवों में करीब 10 हजार ग्रामीण रहते हैं। इसके बाद भी व्यवस्था का सही न होना बड़ा सवाल खड़ा करता है। वहीं, ग्रामीणों ने रेलवे से अंडरपास के पानी की निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
ग्रामीण नितिन बाना ने बताया कि बरसात के बाद ही अंडरपास में पानी भर जाता है। निकासी के लिए कोई उचित व्यवस्था आज तक नहीं की गई है। गंदगी के कारण जलनिकासी वाले मार्ग चौक हो जाते हैं। इन पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। इसके चलते खेतों से चारा लाने व आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई बार रेलवे से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इस संबंध में एसडीएम शुभम श्रीवास्तव का कहना है कि रेलवे के अधिकारियों को जानकारी दी गई है। पानी की निकासी सही कराई जा रही है।