बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव कुचेसर चौपला के समीप खराब हुए एक गैस कंपनी के नकली कैप्सूल (लिक्विड गैस ले जाने वाले टैंकर) से पुलिस ने 11 गोवंश बरामद किए हैं। जिसमें एक गोवंश अंदर ही मर गया था।
काफी देर तक पुलिस मामले को दबाने में लगी रही, लेकिन भाजपाइयों के हंगामा करने पर गोवंशों को गौशाला भिजवाया गया। जानकारी के अनुसार हापुड़ की ओर से एक गैस कंपनी का नकली कैप्सूल रात में गढ़ की ओर जा रहा था।
बाबूगढ़ के कुचेसर चौपला के समीप पहुंचने पर उसमें खराबी हो गई। दिन निकलने पर पुलिस को शक हुआ तो उसे खोलकर देखा गया। पुलिस के अनुसार उसमें गोवंश लदे थे। जिसमें 11 गोवंशों में से एक की मौत हो गई थी।
काफी देर तक पुलिस मामले को दबाने में जुटी रही। तभी वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई जिन्होंने भाजपा नेता विजयपाल आढ़ती को इसकी जानकारी दी। इस बीच पुलिस गंौवंश समेत वाहन को क्रेन से खिंचवाकर थाने ले आई।
पुलिस के अनुसार आरोपी गौवंश और खराब वाहन को छोड़कर भाग गए थे। उक्त वाहन के नंबर के आधार पर पुलिस तस्करों की तलाश में जुटी है। साथ ही गोवंशों को हापुड़ की गौशाला में भिजवाया गया है।
थाना प्रभारी यतेंद्र सिंह ने बताया कि तस्करों की तलाश की जा रही है। गैस कंपनी के नकली कैप्सूल से 11 गोवंश मिले थे। जिनमें एक की मौत हो गई। तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।