गढ़मुक्तेश्वर। रोडवेज बसें जल्द ही ऑनलाइन हो जाएंगी। इससे ट्रेनों की तरह बसों की भी लाइव लोकेशन पता चल सकेगी। साथ ही बसों की समयसारिणी भी तय होगी। इसके लिए बसों में वीटीएस (व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम) लगाए जाएंगे।
गढ़ रोडवेज डिपो के एआरएम हेमंत मिश्रा ने बताया कि बसों की कोई समय सारिणी न होने से लोग ट्रेन से यात्रा को वरीयता देते हैं। ऐसे में यात्रियों का भरोसा कायम रखने के लिए परिवहन निगम बसों में वीटीएस लगवा रहा है। इसके साथ ही सिस्टम को भी अपडेट किया जाएगा। वीटीएस का क्षेत्रीय, परिक्षेत्र व मुख्यालय स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। जहां से अधिकारी बसों की निगरानी कर सकेंगे। बस क्यों देरी से पहुंची, कहां-कितनी देर खड़ी रही, इसकी भी जानकारी हो सकेगी। उन्होंने बताया कि गढ़ डिपो में भी इसके लिए कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। जिसके लिए टेंडर जारी किया जाएगा।