सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर राशन न मिलने से खफा गांव सांवी के ग्रामीणों ने मंगलवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन देकर राशन डीलर का लाइसेंस निलंबित करने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि डीलर अपनी मर्जी से अपात्रों के राशन कार्ड बनवाकर उन्हें राशन मुहैया करा रहा है। पात्रों को अनाज नहीं मिल पा रहा है। मंगलवार को ग्रामीण भूपेंद्र सिंह गौतम के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के राशन डीलर ने अपात्रों को अपने साथ मिलाकर उनके फर्जी राशन कार्ड बनवा दिए हैं। जबकि गांव में रहने वाले पात्रों के नए राशन कार्ड नहीं बन सके हैं। नतीजतन ग्रामीणों को राशन नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों ने डीएम अनिल ढींगरा को ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की है। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम से जांच कराने की बात कही है।
प्रदर्शन करने वालों में रहीसुद्दीन, शाहरूख, इमामुद्दीन, रामदास, चतरू, राम, शीला, धर्मवती, राजवती, रशीदन, शौकिना, नफीसा, नजराना, प्रेमवती, रोशनी, शमीना, मीना आदि मौजूद रहे।