सूबे के सीएम की ओर से प्रत्येक विधायक को सौ नए हैंडपंप और रिबोर हैंडपंप का तोहफा तो थमा दिया गया, लेकिन ‘माननीयों’ के सामने इससे यह दुविधा खड़ी हो गई है कि जरूरत ज्यादा की है और हैंडपंप कम मिल रहे हैं।
ऐसे में वे कहां लगवाएं और कहां न लगवाएं। खासकर चुनावी वर्ष होने से समस्या ज्यादा है, क्योंकि जिन इलाकों में हैंडपंप नहीं लगेगा, वहां की जनता के नाराज होने का डर है। यहां हापुड़ के विधायक गजराज सिंह, धौलाना के विधायक धर्मेश तोमर,
गढ़ के विधायक मदन चौहान (कबीना मंत्री) व विधान परिषद सदस्य राकेश यादव हैं। इस तरह सभी को कुल चार सौ नए हैंडपंप व इतने ही रिबोर के लिए मिलेगा। लेकिन वास्तविक स्थिति यह है कि इनके क्षेत्रों में इससे ज्यादा हैंडपंपों की जरूरत है।
ऐसे में माननीयों के आगे समस्या खड़ी हो गई है कि किसे खुश करें और किसे नाराज। चुनाव वर्ष होेने के नाते सबको खुश भी करना है। इसको लेकर हैंडपंपों का चयन बड़ी समझदारी से कर रहे हैं।
दो विधायकों ने इस संबंध में अपने प्रस्ताव देने शुरू कर दिए हैं ताकि जल्द हैंडपंप लग सकें। क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक गजराज सिंह ने करीब 35 और धौलाना क्षेत्र के विधायक धर्मेश तोमर ने करीब 25 हैंडपंपों की सूची विभागों के अफसरों को भेज दी है।
शेष की सूची तैयारी की जा रही है। जबकि कबीना मंत्री मदन चौहान और विधान परिषद सदस्य राकेश यादव की सूची अभी नहीं पहुंची।
उधर, जलनिगम के अधिशासी अभियंता एसके जैन का कहना है कि हैंडपंपों की सूची उनके पास आते ही वह कार्य शुरू करा देंगे। इसके लिए सभी तैयारी पूरी की जा चुकी है।