धौलाना। थाना क्षेत्र के गांव खिचरा में रविवार की रात ग्रामीणों ने एक मानसिक रूप से बीमार महिला को चोर समझकर न सिर्फ बुरी तरह पीटा, बल्कि उसका जुलूस तक निकाल दिया। बाद में जब पहचान हुई तो भीड़ उसे गांव के ही चौराहे पर छोड़कर चली गई। मामले का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच कर रही है।
रविवार की रात ड्रोन उड़ने की सूचना मिलने पर ग्रामीण गांव में पहरा दे रहे थे। इस दौरान एक संदिग्ध महिला ग्रामीणों को जाती हुई दिखाई दी। ग्रामीणों ने उसे चोर समझकर पकड़ लिया और पूछताछ के बहाने पिटाई शुरू कर दी। ग्रामीणों ने बताया कि बीते कुछ समय से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में इजाफा हुआ है। रात में ड्रोन उड़ने से दहशत का माहौल बना हुआ है। ऐसे में जब रात में महिला अकेले जाती दिखाई दी तो उसे पकड़कर पूछताछ की गई। सूचना पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई, इसमें महिलाएं भी शामिल थीं। ग्रामीणों ने चोर होने होने का शक जताते हुए महिला को जमकर पीटा और इसके बाद उसका गांव में जुलूस भी निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जब महिला से पूछताछ की गई तो पता चला कि वह गांव खिचरा की ही रहने वाली है और मानसिक रूप से अस्वस्थ है। फिलहाल पति से विवाद होने होने के बाद वह उससे कहीं अलग रह रही थी। रविवार की रात अपने पति से मिलने जा रही थी, लेकिन मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण भीड़ के सामने घबरा गई और कुछ बता नहीं पाई। सीओ अनीता चौहान का कहना है कि महिला के साथ मारपीट करने वालों की पहचान की जा रही है। मामले में जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।