राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की संस्था उत्तराखंड दैवीय आपदा सहायता समिति द्वारा मंगलवार को केदारघाटी के नारायण कोटि में माधव चिकित्सालय का उद्घाटन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र रावत द्वारा किया गया।
हापुड़ से उक्त समिति से सदस्य के रूप में जुड़े संजय कृपाल और उनकी पत्नी स्वाति गर्ग भी उपस्थित हुए। इस मौके पर स्वाति गर्ग को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।
शिक्षा भारती हापुड़ के अध्यक्ष राजकृपाल ने बताया कि श्रीमती ब्रहमा देवी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर हापुड़ की अध्यक्षा स्वाति गर्ग को उनके सहयोग के लिए इस मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र रावत ने सम्मानित किया।
इसी के साथ स्वाति गर्ग ने केदारघाटी में पुन: जाने का अपना संकल्प भी पूरा किया। उनका कहना था कि जून 2013 में दैवीय आपदा के बाद पूरी केदारघाटी में चिकित्सा सुविधाओं का नितान्त अभाव था। इस कारण आपदा पीड़ितों तथा वहां के निवासियों को चिकित्सा सुविधाओं के अभाव से जूझना पड़ा था।
उक्त विकट स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की संस्था उत्तराखंड दैवीय आपदा सहायता समिति के द्वारा केदारघाटी के नारायण कोटि में माधव चिकित्सालय के निर्माण का संकल्प लिया गया था।
उल्लेखनीय है कि जून 2013 की केदारघाटी आपदा में संजय कृपाल और स्वाति गर्ग आदि भी केदारधाम से लौटते हुए फंस गये थे। इन लोगों को कई दिन पहाडिय़ों पर भूखे प्यासे रहना पड़ा और बामुश्किल सेना की मदद से गंभीर हालत में बचाये जा सके थे। इनकी कार का चालक इस आपदा में अपनी जान गंवा बैठा था।