पिलखुवा स्थित अस्पताल में सुरक्षाकर्मियों और परिजनों में होती नोकझोंक।स्रोत वीडियो ग्रैब
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एक अस्पताल में कूल्हे के उपचार के दौरान महिला की मौत के बाद शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने चिकित्सक पर गलत उपचार का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। वहीं, अस्पताल और परिजनों दोनों पक्षों की ओर से मारपीट के आरोप लगाए गए हैं।
गाजियाबाद जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के अमराला गांव की 44 वर्षीय अनीता देवी को दो जून को कूल्हे के उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार चार जून को महिला का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। शनिवार सुबह करीब 10 बजे महिला की मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और उपचार को लेकर सवाल उठाने लगे।
अनीता देवी के भाई सुनील और पुत्र संदीप कुमार ने आरोप लगाया कि गलत उपचार के कारण मौत हुई है। उनका कहना है कि हालत बिगड़ने के बावजूद उन्हें जानकारी नहीं दी गई। दोनों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की। घायल अवस्था में वह कोतवाली पहुंचा और शिकायत दी। वहीं, अस्पताल की ओर से भी मारपीट का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने अस्पताल पक्ष के सूरज सक्सेना, सोनम शर्मा और अनीता देवी के परिजनों में सुनील और संदीप कुमार का चिकित्सीय परीक्षण कराया है।
घटना के दौरान अस्पताल परिसर में परिजनों और सुरक्षाकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। घटना से जुड़े वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वहीं, अस्पताल की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।