ट्रक पलटते ही चादरों के गट्ठर दूर-दूर तक फैल गए। इससे रेल और सड़क दोनों मार्गों पर आवागमन पूरी तरह रुक गया। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।
यूपी के हापुड़ जिले के पबला रोड से हाइवे की ओर जा रहा चादरों से भरा ट्रक शुक्रवार को अनियंत्रित होकर रेलवे ट्रैक पर पलट गया। हादसे के बाद ट्रैक पर सामान बिखर गया और क्षेत्र में जाम की स्थिति बन गई। चालक मौके से फरार हो गया। देर शाम तक रेलवे यातायात बाधित रहा।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक तेज गति में था। मोड़ पर संतुलन बिगड़ते ही वाहन सीधे रेलवे ट्रैक पर जा गिरा। पलटते ही चादरों के गट्ठर दूर तक फैल गए, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ हटाकर ट्रैक खाली कराने की कार्रवाई शुरू की। क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा करने में पुलिस जुटी थी। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर भाग गया है। उसकी तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे का सही कारण स्पष्ट हो सके। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।