हापुड़। अपर सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश (पोक्सो एक्ट) की अदालत ने पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी में 19 मार्च 2019 को एक युवक की फावड़े से काटकर हत्या करने के मामले में दो बाल अपचारियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने दोषियों पर 20-20 हजार रुपये के अर्थदंड भी लगाया है।
पिलखुवा के मोहल्ला किशनगंज निवासी भरत ने पिलखुवा कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि 19 मार्च 2019 की शाम को उसके पुत्र राहुल को मोहल्ला निवासी दो बाल अपचारी घर से बुलाकर ले गए थे। दोनों आरोपी मोहल्ला गढ़ी परतापुर रोड पर स्थित अशोक कुमार के घेर के अंदर बुलाकर ले गए और उसके साथ मारपीट करके फावड़े से काट कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने उनके पुत्र के शव को अशोक के घेर से बरामद किया था।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपी बाल अपचारियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में आरोपपत्र न्यायालय में प्रेषित किया था। इस मुकदमे में अपर सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश (पोक्सो एक्ट) ज्ञानेन्द्र सिंह यादव की अदालत ने मंगलवार को दोनों आरोपियों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास व प्रत्येक को 20-20 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।