हापुड़। होली पर घर जाने वाले यात्रियों को राहत दिलाने के लिए रेलवे ने होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है। नई दिल्ली-गोरखपुर और दिल्ली-सीतामढ़ी के बीच संचालित होने वाली दो ट्रेनों को हापुड़ रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव दिया गया है, इससे होली पर घर जाने वाले यात्रियों को राहत मिल सकेगी।
होली पर घर जाने के लिए पूर्वांचल और बिहार दिशा में जाने वाली अधिकांश ट्रेनों में सीटें भर चुकी हैं। अवध असम, काशी विश्वनाथ, पद्मावत एक्सप्रेस सहित अधिकांश ट्रेनों के एसी कोच में भी यात्रियों को सीट नहीं मिल पा रही है। ऐसे में होली पर घर जाने वाले यात्रियों को राहत प्रदान करने के लिए रेलवे ने होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है।
नई दिल्ली से गोरखपुर के बीच संचालित होने वाली होली स्पेशल ट्रेन नई दिल्ली से 20, 27 फरवरी और छह मार्च को संचालित होगी। दिल्ली से दोपहर 2 बजे ट्रेन गाजियाबाद के रास्ते होते हुए दोपहर 3:32 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचेगी और दो मिनट ठहराव के बाद मुरादाबाद के लिए रवाना हो जाएगी। वापसी में यह ट्रेन गोरखपुर से 21, 28 फरवरी और सात मार्च को दिल्ली के लिए संचालित होगी, जो रात्रि 9:08 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंची और दो मिनट ठहराव के बाद गाजियाबाद के लिए रवाना हो जाएगी।
दिल्ली से सीतामढ़ी के बीच संचालित होने वाली स्पेशल ट्रेन का दिल्ली से 26 फरवरी और पांच मार्च को संचालन होगा। यह ट्रेन दिल्ली से रात्रि 11:05 बजे चलकर 12:48 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचेगी और दो मिनट ठहराव के बाद मुरादाबाद के लिए रवाना हो जाएगी। सीतामढ़ी से यह 27 फरवरी और छह मार्च को रात्रि 11:55 बजे चलकर अगली रात्रि 9:21 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन आएगी और दो मिनट ठहराव के बाद गाजियाबाद के लिए रवाना होगी।
मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता का कहना है कि होली पर घर जाने के लिए अधिकांश ट्रेनों में पहले से ही सीटें फुल हो चुकी हैं। यात्रियों को राहत प्रदान करने के लिए रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाना है। हापुड़ रेलवे स्टेशन पर भी दो स्पेशल ट्रेनों को ठहराव दिया गया है,। इससे यात्रियों को लाभ मिलेगा।