हापुड़। नगर कोतवाली पुलिस ने फर्जी दस्तावेज के आधार पर बैनामा कर सीधे साधे लोगों से लाखों रुपये हड़पने वाले गिरोह की मुख्य आरोपी समेत दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एसपी ज्ञानंजय सिंह ने वांछित आरोपियों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। जबकि पुलिस गिरोह के सरगना समेत छह सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
एसपी ने बताया कि नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह व उनकी टीम ने रीनू निवासी गांव अयादनगर व इसके भाई निशांत निवासी गांव भड़ंगपुर को मोदीनगर रोड स्थित ब्लॉक के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी रीनू गिरोह की मुख्य आरोपी है। लगातार फरार रहने के कारण आरोपियों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। नगर कोतवाली पुलिस पहले ही गिरोह के सरगना देवेंद्र त्यागी उर्फ गुल्लू निवासी मोहल्ला चमरी, रोहताश निवासी मोहल्ला सुभाषनगर, संजीत, जगरोशनी व लक्ष्मी निवासी गांव भड़ंगपुर व चंद्रप्रकाश निवासी मोहल्ला न्यू गांधी विहार को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
गिरोह का सरगना देवेंद्र त्यागी उर्फ गुल्लू आरोपी रीनू इसकी मां जगरोशनी, भाई निशांत, संजीत व बहन लक्ष्मी के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज के आधार पर भोले भाले लोगों को झांसे में लेकर उनसे बैनामा करके लाखों रुपये हड़पने का काम करते हैं। आरोपी अब तक करीब 16 बैनामे करा चुके हैं। इस संबंध में आरोपी रीनू पर छह व इसके भाई निशांत पर नगर कोतवाली में चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास के बारे में अन्य जिलों से जानकारी कर रही है।