पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र से 6.61 लाख रुपये कीमत का लोहे का माल लेकर रवाना हुए ट्रक का कई दिन बाद भी सुराग नहीं लग सका है। ट्रांसपोर्ट संचालक की तहरीर पर पुलिस ने चालक, वाहन मालिक और ट्रक बुक कराने वाले व्यक्ति के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर धोखाधड़ी कर माल हड़पने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाजियाबाद के बिहारीपुरा निवासी हरीराम ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 23 मई को उनकी ट्रांसपोर्ट के माध्यम से एक ट्रक बुक की गई थी। ट्रक को पिलखुवा स्थित श्री बालाजी स्टील से करीब 120 क्विंटल 195 किलोग्राम लोहे का माल लेकर आगरा पहुंचना था। माल की कीमत 6.61 लाख रुपये बताई गई है।
आरोप है कि ट्रक माल लेकर पिलखुवा से रवाना हुई लेकिन निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंची। इसके बाद चालक, वाहन मालिक और ट्रक बुक कराने वाले व्यक्ति से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके मोबाइल फोन बंद मिले। काफी तलाश के बाद भी वाहन, चालक और माल का कोई पता नहीं चल सका। पीड़ित ने मामले में माल हड़पने और धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। वाहन, माल और संबंधित व्यक्तियों की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।