हापुड़। प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालक व बालिका तैराकी प्रतियोगिता के लिए सात अगस्त को ब्रेन वेव्स स्कूल में जिला स्तरीय ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। वहीं जेएमएस वर्ल्ड स्कूल में 17 अगस्त को प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय ट्रायल होगा। जिला उप क्रीड़ा अधिकारी अरुणा ने बताया कि जिला स्तरीय तैराकी ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को 10 अगस्त को नोएडा स्थित ओलंपिया स्विमिंग एकेडमी में आयोजित होने वाले मंडल स्तरीय चयन ट्रायल में शामिल होने का अवसर मिलेगा। यहां ट्रायल में चयनित तैराक 14 से 16 अगस्त तक अयोध्या स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल, क्षेत्रीय खेल कार्यालय में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
जिला स्तरीय ट्रायल पर खिलाड़ी फ्रीस्टाइल, बैकस्ट्रोक, ब्रेस्टस्ट्रोक, बटरफ्लाईस्ट्रोक, व्यक्तिगत मेडले, फ्रीस्टाइल रिले, मेडले रिले इवेंट में प्रतिभाग कर सकते हैं। प्रत्येक खिलाड़ी अधिकतम पांच इवेंट में भाग ले सकता है। ट्रायल में वर्ष 2012 से 2015 के बीच जन्मे खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता के लिए 17 अगस्त को जिला स्तर पर चयन ट्रायल में चयनित खिलाड़ी 18 अगस्त को मेरठ स्थित कैलाश प्रकाश स्टेडियम में आयोजित मंडल स्तरीय चयन ट्रायल में प्रतिभाग कर सकेंगे।
यहां पर चयनित खिलाड़ियों को 21 से 23 जून तक जिला खेल कार्यालय, कौशांबी में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। कुश्ती प्रतियोगिता में वर्ष 2009 और 2010 में जन्मे खिलाड़ी ही प्रतिभाग कर सकते हैं।