नई बसों के चलते यात्रियों को होगी सुविधा
- फोटो : demo pic
हापुड़ डिपो की बसों से दिल्ली जाने वाले यात्रियों का सफर अब सुहावना हो गया है। हापुड़ डिपो ने दिल्ली रूट पर 10 बसें बढ़ा दी हैं। साथ ही बसों के फेरे भी बढ़ाए हैं। इससे हापुड़ डिपो को अब प्रतिदिन दो लाख रुपये अधिक राजस्व मिल रहा है।
हापुड़ डिपो से विभिन्न मार्गों पर 110 बसों का संचालन होता है। अब से पूर्व दिल्ली रोड पर हापुड़ डिपो की 32 बसों का संचालन होता था। परिचालकों की कमी के कारण इस मार्ग पर बसों के फेरे भी कम लगते थे। ऐसे में यात्रियों को सफर में परेशानी होती थी।
पिछले दिनों मुख्यालय से हापुड़ डिपो को 49 परिचालक मिले है। अब इन परिचालकों की तैनाती कर दी गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए हापुड़-दिल्ली रूट पर बसों की संख्या 32 से बढ़ाकर 42 कर दी गई है।
वहीं जहां पहले एक बस तीन चक्कर लगा रही थी, अब वह छह फेरे लगाएगी। इससे दिल्ली के लिए बसें समय पर मिल रही हैं। ये बसें पिलखुवा, गाजियाबाद, कौशांबी और दिल्ली तक जाती है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक धीरज सिंह पवार का कहना है कि बसों का संचालन बेहतर होने से डिपो की कमाई 14 लाख रुपये प्रतिदिन हो गई है, जो पहले 12 लाख रुपये प्रतिदिन थी।