संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। परिवहन विभाग का जल्द ही अपना भवन होगा और किराए के भवन से छुटकारा मिलेगा। गांव दादरी के समीप दो एकड़ भूमि में बनने वाले कार्यालय को शासन से मंजूरी मिल गई है। दो मंजिला भवन बनाने के लिए कार्यदायी संस्था को भी जिम्मेदारी सौंप दी गई है। जल्द ही निर्माण के लिए शासन से भी बजट की मांग की जाएगी।
हापुड़ को जिला बने 12 वर्ष हो चुके है, लेकिन परिवहन विभाग के पास अपना कार्यालय न होने के कारण मेरठ रोड स्थित एक किराए के भवन संचलित किया जा रहा है। इस भवन में जगह कम होने के कारण कारण यहां तैनात अधिकारी और कर्मचारियों के साथ लाइसेंस बनवाने के लिए आने वाले लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पिछले कई वर्षो से परिवहन विभाग का अपना भवन बनवाने के लिए प्रयास किए जा रहे थे। पहले मोदीनगर रोड और इसके बाद चित्तौली में कार्यालय निर्माण के लिए भूमि का चयन किया गया था। लेकिन जमीनी विवाद होने के कारण दादरी में कार्यालय बनाने के लिए दो एकड़ भूमि को चिन्हित किया गया और जिला प्रशासन ने कार्यालय निर्माण के लिए भूमि भी उपलब्ध करा दी।
एआरटीओ प्रशासन छवि सिंह का कहना है कि परिवहन विभाग के कार्यालय निर्माण के लिए शासन द्वारा कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को जिम्मेदारी सौंप दी गई है और संस्था के अधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण के भवन का नक्शा बनाया जा रहा है। जल्द ही शासन से कार्यालय निर्माण के लिए बजट की मांग की जाएगी।