देहात क्षेत्र में ट्रांसफार्मर फुंकने पर लोगों को अब ज्यादा परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी और न ही चंदा जुटाकर खुद ट्रांसफार्मर बदलवाना पड़ेगा।
क्योंकि विद्युत निगम फुंकने के 72 घंटे के अंदर ट्रांसफार्मर न बदलने पर क्षेत्र के संबंधित विद्युत कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा। इससे निगम में बढ़ रहा भ्रष्टाचार भी काफी हद तक कम हो जाएगा।
गर्मी शुरू होते ही ओवरलोडिंग के चलते ट्रांसफार्मर फुंकने की समस्या बढ़ जाती है। देहात अंचल में यदि कोई ट्रांसफार्मर फुंकता है, तो उसे बदलवाने में लोगों को खासी परेशानी होती है।
कई बार शिकायतें आईं कि विद्युत कर्मचारी बिना सुविधा शुल्क के ट्रांसफार्मर बदलने को तैयार नहीं है। ऐसे में ग्रामीण चंदा जुटाकर कर्मचारियों की जेब गर्म कर ट्रांसफार्मर बदलवा रहे हैं।
इस असुविधा को दूर करने के लिए निगम अफसरों ने 72 घंटे के अंदर ट्रांसफार्मर बदलने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीण ट्रांसफार्मर फुंकने की सूचना जेई के पास दर्ज करा दें, ताकि उसका उल्लेख सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज हो सके।
अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने बताया कि यदि 72 घंटे में फुंके ट्रांसफार्मर नहीं बदला जाता या फिर किसानों से वसूली का मामला प्रकाश में आता है। संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।