मोहल्ला फूलगढ़ी में लगे 100 केवी के ट्रांसफार्मर में फाल्ट होने से करीब तीन घंटे तक मोहल्ले की बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे मोहल्ले के लोगों को गर्मी में काफी परेशान होना पड़ा। बिजली कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रांसफार्मर ठीक किया। देर रात बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी।
प्रदेश सरकार ने गर्मी के दिनों में बेहतर बिजली आपूर्ति देने का दावा किया था लेकिन लोकल फाल्ट की वजह से सरकार के दावे हवा हवाई साबित हो रहे हैं। शनिवार रात करीब नौ बजे मोहल्ला फूलगढ़ी में लगे 100 केवी के ट्रांसफार्मर में फाल्ट हो गया।
नतीजतन पूरे मोहल्ले की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। आनन-फानन में उपभोक्ताओं ने बिजलीघर सूचना दी। ट्रांसफार्मर ठीक करने के लिए पॉवर कारपोरेशन के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फाल्ट ठीक कर आपूर्ति सुचारु की।
एसडीओ नगर देवेंद्र कुमार ने बताया कि फाल्ट होने की वजह से समस्या आई थी। मोहल्ले में आपूर्ति सुचारु कर दी गई है।