हापुड़। बुलंदशहर से तिलक ब्रिज जाने वाली शटल पैसेंजर को एक्सप्रेस ट्रेनों को निकालने के लिए रोका जा रहा है। जगह जगह रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रूकने से दैनिक रेल यात्रियों को अपनी मंजिल तक पहुंचने में देरी हो रही है। इस संबंध में यात्रियों ने मुरादाबाद रेल मंडल में शिकायत की है।
शहर के साथ ही आसपास ग्रामीण क्षेत्रों से रोजाना सैकड़ों की संख्या में रेलयात्री शटल पैसेंजर ट्रेन से गाजियाबाद, दिल्ली नौकरी और व्यवसाय करने के लिए जाते हैं। सुबह अधिकांश रेलयात्री इस ट्रेन का सहारा लेते हैं, लेकिन एक्सप्रेस और नॉन स्टॉप ट्रेनों के संचालन के लिए ट्रेन को पिलखुवा, महरौली, डासना सहित अन्य रेलवे स्टेशनों पर रोक दिया जाता है।
तिलकब्रिज से बुलंदशहर के लिए वापसी में भी ट्रेन का यही हाल होता है। तिलकब्रिज से तो ट्रेनों का संचालन निर्धारित समय से शुरू होता है। लेकिन बीच बीच में रोकने से ट्रेन रोजाना एक घंटे की देरी से हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचती है। इस संबंध में दैनिक रेलयात्री राजेंद्र, गुलफाम, मनोज कुमार, शिवम शर्मा आदि में मुरादाबाद रेल मंडल में शिकायत कर ट्रेन के संचालन में सुधार की मांग उठाई है। मुरादाबाद रेल मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता का कहना है कि ट्रेनों के संचालन सुधारने के लिए रेलवे लाइन पर ऑटोमेटिक सिग्नल सिस्टम का कार्य तेजी से चल रहा है। इससे संचालन में सुधार होगा और रेल यात्रियों को राहत मिलेगी।